राई। नेशनल हाईवे-44 पर राई के पास टैंकर और पिकअप की टक्कर में पिकअप चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश जिला शाहजहांपुर निवासी भावल खेड़ा फिलहाल गाजियाबाद के गांव भौवापुर निवासी दानिश ने राई थाना पुलिस को बताया कि उनके पिता मोहम्मद रफी ब्रह्म आर्ट्स कंपनी में 15 साल से चालक का काम करते थे। वह 25 दिसंबर को पिकअप में सामान लेकर दिल्ली से बहालगढ़ जा रहे थे। शाम को सूचना मिली की उनके पिता की गाड़ी गांव राई के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। वह रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंचे तो पता चला कि डिवाइडर के पास लगे पौधे को पानी देने के लिए टैंकर सड़क पर खड़ा किया गया था। जहां कोई संकेतक या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए थे। जिसके चलते उनके पिता की गाड़ी टैंकर में टकरा गई और उनके पिता की पिता की मौत हुई है। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।