सोनीपत। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आचार संहिता की पालना प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से लागू की गई आदर्श चुनाव आचार संहिता की अवहेलना किसी भी रूप से न हो, इसका ध्यान रखें। सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी ड्यूटी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। आरओ अपने अधिकार क्षेत्र में नियमित दौरा करें, कहीं भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन दिखने पर तुरंत कड़ा संज्ञान लें।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वह सी-विजिल एप (सिटीजन विजिल) पर आचार संहिता अवहेलना से संबंधित सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 100 मिनट के अंदर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना सुनिश्चित करें। सहायक रिटर्निंग अधिकारी अपने विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की दृढ़ता व सख्ती से पालना करवाना सुनिश्चित करें। कोई मामला संज्ञान में आने पर तुरंत निपटारा करवाएं। शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद, नगर पालिका व ग्रामीण क्षेत्रों में डीडीपीओ व बीडीपीओ इस कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करें।
शिकायत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम और कॉल सेंटर स्थापित
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से विधानसभा आम चुनाव के दौरान निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए जिला स्तर पर शिकायत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम व कॉल सेंटर स्थापित किया है। सोनीपत के लघु सचिवालय के तृतीय तल स्थित निर्वाचन तहसीलदार कार्यालय में कंट्रोल रूम व कॉल सेंटर स्थापित किया है। यहां सी-विजिल व हेल्पलाइन 1950 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग व समाधान किया जाता है।