संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान गांव बेगा में एक अंडर ट्रेनी तहसीलदार और पटवारी पर भिरड़ों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हमले से दोनों ने मौके से भागकर जान बचाई। गांव जौली में भी सर्वे के दौरान एक पटवारी के पैर में नुकीली चीज चुभने से चोट लग गई।
इन घटनाओं के बाद खेतों में डिजिटल सर्वे करने वाले पटवारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डीएलआर राजस्व विभाग के आदेश पर खरीफ फसल की स्थिति का डिजिटल सर्वे कराया जा रहा है। यूटी तहसीलदार देवेंद्र और पटवारी सुरेंद्र गांव बेगा में फसल का सर्वे करने पहुंचे थे। मुख्यालय ने अधिकारियों को खेत की वास्तविक स्थिति दर्ज करने के लिए करीब 20 मीटर अंदर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।
इसी दौरान खेत में मौजूद भिरड़ों के झुंड ने हमला बोल दिया। अधिकारियों का मानना है कि खेतों में जाकर फसल की सही स्थिति का आकलन करना आवश्यक है। वहीं डिजिटल क्रॉप सर्वे के विरोध में जिले के पटवारी और कानूनगो 20 अगस्त से हड़ताल पर हैं। दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के राज्य महासचिव सन्नी दहिया ने आपत्तियां जताई हैं। उन्होंने डिजिटल सर्वे की जिम्मेदारी और तकनीकी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए हैं। इसके बावजूद मुख्यालय खेतों में जाकर सर्वे करने के निर्देश दे रहा है।
जिले के विभिन्न गांवों में डिजिटल क्रॉप सर्वे की व्यवस्था का जायजा लेने अधिकारी और पटवारी खेतों में पहुंचे। कई स्थानों पर अधिकारियों ने व्यवस्था को लेकर असंतुष्टि भी जताई। उनका कहना है कि खेतों में रास्ते, झाड़ियां और अन्य परेशानियां सामने आ रही हैं। भिरड़ों के हमले की घटना ने सर्वे के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
इंसेट
डीएलआर के आदेश पर यहां हुआ सर्वे
सोनीपत तहसील के गांव जुआं में दलबीर राणा पटवारी और तहसीलदार कीर्ति, नायब तहसीलदार सोमेश वशिष्ठ ने डिजिटल क्रॉप सर्वे किया।
- गोहाना तहसील के गांव जौली में पटवारी अंकित, कानूनगो संदीप व नायब तहसीलदार हेमंत ने डिजिटल क्रॉप सर्वे किया।
- गन्नौर तहसील के गांव बेगा में अंडर ट्रेनिंग तहसीलदार देवेंद्र, पटवारी सुरेंद्र व नीतू ने डिजिटल क्रॉप सर्वे किया।
- खरखौदा तहसील के गांव कंवाली में नायब तहसीलदार अचिन, कानूनगो धर्मबीर व अनिल और पटवारी अनिल मोर ने सर्वे किया।
-राई तहसील के पलड़ी कलां गांव में नायब तहसीलदार इरफान अली व पटवारी प्रमोद ने डिजिटल क्रॉप सर्वे किया।
फोटो : सोनीपत के गांव बेगा में खेत में भिरड़ों के हमले के दौरान दौड़ते पटवारी। स्रोत: वीडियो ग्
फोटो : सोनीपत के गांव बेगा में खेत में भिरड़ों के हमले के दौरान दौड़ते पटवारी। स्रोत: वीडियो ग्