संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव कामी में 11 महीने पहले युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में नया मोड़ आ गया। गांव के ही धर्मबीर नामक एक शख्स ने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
14 अप्रैल 2025 को कामी की सुनीता ने थाना सदर सोनीपत में शिकायत दी थी कि 32 वर्षीय अंकित के दोस्त साहिल का गांव के नवीन से झगड़ा चल रहा था। 13 अप्रैल को अंकित ने अपने दोस्त दीपक को लेकर सुलह के लिए नवीन के घर गया था। वहां नवीन व उसके साथियों के साथ अंकित की कहासुनी हो गई थी।
मामाला इतना बढ़ गया था कि अंकित की पिटाई कर दी गई थी। बाद में शाम करीब 5 बजे नवीन और अजय बाइक पर अंकित को मृत हालत में घर के पास छोड़कर भाग गए थे। उन्होंने उनको भी धमकी दी कि इसको तो मार दिया। पुलिस में शिकायत दी तो तुझे भी मार देंगे।
एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने गांव कामी के नवीन, प्रवीन, अजय, सुभाष, तनुज और दीपांशु उर्फ मानू, लोकेश उर्फ सन्नी और योगेश के अलावा छपरा निवासी साहिल और रमेश को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
अब इस वारदात के सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप में नामजद नवीन के पिता धर्मबीर ने सोनीपत की जेएमआईसी मिनाक्षी गुप्ता की अदालत में आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।