सोनीपत। रखरखाव की कमी के चलते महलाना रोड स्थित जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) के टैंकों में मिट्टी जमा हो गई है। इसके चलते रेलवे लाइन पार पश्चिमी क्षेत्र की काॅलोनियों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत मिलने पर मेयर राजीव जैन ने डब्ल्यूटीपी का निरीक्षण कर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।
डब्ल्यूडीपी पर मेयर राजीव जैन ने सहायक अभियंता देवेंद्र खासा और सुपरवाइजर नरेंद्र को मौके पर बुलाकर स्थिति की जांच की। एक टैंक के आधे हिस्से में ऊपर तक मिट्टी जमा हो चुकी है, इसलिए पेयजल आपूर्ति के दौरान पहले 10-15 मिनट तक दूषित पानी आने की शिकायतें मिल रही थी।
विज्ञापन
एसडीओ देवेंद्र खासा ने कहा कि टैंकों की मिट्टी साफ करवा कर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति दी जाएगी। वहीं, मेयर ने सिटी पुलिस स्टेशन से कालूपुर चुंगी स्थित बूस्टिंग स्टेशन तक पेयजल आपूर्ति की पुरानी लाइन को भी बदलने के निर्देश दिए जो जगह-जगह से टूट चुकी है।
इसके चलते पेयजल लाइन में दूषित पानी मिल रहा है। उन्होंने कालूपुर चुंगी स्थित नए बूस्टिंग का भी दौरा किया और मोटर में आ रही खामियों को दूर करने के निर्देश दिए।