फोटो 20: सोनीपत के चौधरी देवीलाल सहकारी चीनी मिल, आहुलाना में दबन दबाकर पेराई सत्र का शुभारंभ क
गोहाना। चौधरी देवीलाल सहकारी चीनी मिल, आहुलाना में वीरवार को 25वें पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि चीनी मिल केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं बल्कि किसानों की आशा और हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है।
गोहाना क्षेत्र ने इस मिल की स्थापना के लिए जिस संघर्ष का सामना किया आज उस प्रयास का परिणाम क्षेत्र की प्रगति के रूप में सामने है। उनके साथ उनकी पत्नी रीटा शर्मा भी मौजूद रहीं। सहकारिता मंत्री ने कहा कि बीते पेराई सीजन में प्रदेश के किसानों को 1211 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसमें आहुलाना चीनी मिल के किसानों को 80 करोड़ रुपये और सोनीपत चीनी मिल के किसानों को 103 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल है।
सहकारी चीनी मिल के चेयरमैन एवं उपायुक्त सुशील सारवान ने किसानों का आह्वान किया कि वह मिल में साफ-सुथरा गन्ना लेकर आएं। इस दौरान राज्य सहकारी चीनी मिल प्रसंघ के प्रबंध निदेशक कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम अंजलि क्षोत्रिय, प्रबंध निदेशक अंकिता वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, वरिष्ठ नेता प्रदीप सांगवान, बलजीत मलिक, गोहाना मार्केट कमेटी के चेयरमैन कृष्ण सैनी भी मौजूद रहे।
इन किसानों को मिला सम्मान
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गत सीजन 2024-25 के तहत गांव बुसाना के किसान संजय को मिल गेट पर सबसे ज्यादा 16625 क्विंटल गन्ना लाने और भैंसवाल कलां सेंटर पर सबसे ज्यादा 7727 क्विंटल गन्ना लाने वाले किसान दर्शन को सम्मानित किया। पिछले सीजन में बुग्गी पर सबसे साफ गन्ना लेकर आने वाले गांव आहुलाना के किसान दिनेश और ट्रैक्टर-ट्रॉली से सबसे साफ गन्ना लेकर आने वाले कासंडा के सुमेर व खंदराई के किसान सुरेंद्र को सम्मानित किया। वर्ष 2025-26 के तहत मिल के गन्ना यार्ड में बुग्गी पर सबसे पहले गांव आहुलाना के किसान दल सिंह व ट्रैक्टर-ट्रॉली में गांव छिछड़ाना के किसान को कृष्ण गन्ना लाने पर सम्मानित किया।