सोनीपत में मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छठी सुधीर फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ी ट्रॉफी के लिए जोर लगा रहे हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिवंगत सुधीर सरोहा की याद में आयोजित की जा रही है। जिसमें रविवार को सुबह क्वार्टर फाइनल व सेमीफाइनल के मुकाबले कराए गए। पहले सेमीफाइनल में सोनीपत एफसी की टीम ने गैलोपियंस एफसी को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फुटबाल प्रतियोगिता के आयोजक सज्जन सरोहा ने बताया कि प्रतियोगिता में दूसरे दिन आठ टीमों का क्वार्टरफाइनल के लिए चयनित की गई थी। जिसमें विजेता टीमें एक-दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में सड़क हादसे में बेटे सुधीर सरोहा की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद प्रत्येक वर्ष दिवाली पर सुधीर फुटबॉल क्लब की तरफ से प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में विदेशी खिलाड़ी भी प्रतिभागिता कर रहे हैं।
सज्जन सरोहा ने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे दिन सुबह क्वार्टरफाइनल के मुकाबले कराए गए। जिसमें पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सोनीपत एफसी की टीम ने अमीरात एफसी को 2-1 से हराया। दूसरे क्वार्टरफाइनल में गैलोपियंस एफसी ने जद्दन एफसी को 4-0 से हराया। जिसके बाद तीसरे क्वार्टर फाइनल में आर्केडियंस एफसी ने पानीपत एफसी को 3-2 से हराया। चौथे मुकाबले में इन्नाजुम्मुआं की टीम ने माॅडल टाउन एफसी को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले सेमीफाइनल मुकाबला सोनीपत एफसी व गैलोपियंस एफसी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनाें टीमें 1-1 से बराबरी पर रही। जिसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में सोनीपत एफसी की टीम ने 4-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बनाई। क्लब के प्रधान दिनेश राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार व उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान क्लब के सचिव नितिन, अभिषेक दहिया, दिगवेंद्र सरोहा, पंकज राठी, नवीन गहलोत व मिशन सरोहा मौजूद रहे।