सोनीपत। जिले के पांच गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र के भवनों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक भवन के निर्माण पर 47.3 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पंचायती राज विभाग की ओर टेंडर लगा दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भवनों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
वर्तमान में भवन जर्जर होने से पंचायत के अधीन भवनों में उप स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्र के पांच भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
इन भवनों के निर्माण के लिए ग्रामीण व जनप्रतिनिधि काफी से मांग कर रहे थे। सरकार से बजट जारी होने के बाद पंचायती राज विभाग ने भवनों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य की शुरुआत कर दी है।
प्रत्येक भवन के निर्माण पर 47.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उप स्वास्थ्य भवन बनने के बाद चिकित्सा अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति होने से ग्रामीणों को लाभ होगा। साथ ही नियमित रूप से ओपीडी, निशुल्क दवाइयां जैसी सेवाओं के लिए उनको नागरिक अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा।
करीब छह माह के अंदर भवन निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और इसके बाद करीब 40 हजार की आबादी को फायदा मिलेगा।उप स्वास्थ्य केंद्रों के पुराने भवन लंबे समय से जर्जर हैं।
ज्यादातर गांवों में तो स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ पुराने भवनों में बैठ भी नहीं रहा। भवन की कमी के चलते स्टाफ किसी गांव में चौपाल में बैठ रहा है तो किसी में ग्रामीणों के घर बैठकर मरीजों का उपचार करना पड़ रहा है।
नए भवन बनने के बाद मरीजों के साथ स्टाफ को भी परेशानियों से छुटकारा मिलेगा।
वर्जन
पांच गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण काया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर आवंटित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। भवन बनने से गांवों में उच्च स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ेंगी।-कुलबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज, सोनीपत।