सोनीपत। राई स्थित खेल विश्वविद्यालय के मैदान पर रविवार को कमल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच गन्नौर कमल और खरखौदा कमल के बीच खेला गया। इसमें गन्नौर कमल की टीम ने खरखौदा कमल को 30 रनों से हराकर टूर्नामेंट अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बल्ले से शॉट लगाकर फाइनल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। शुरुआत में गन्नौर कमल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 183 रन बनाए। अजय राठी ने 88 रनों की शानदार पारी खेली। उसके बाद खरखौदा कमल की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 153 रन पर ऑल आउट हो गई।
इस दौरान अजय बरोणा ने 71 रन की नाबाद पारी खेलकर छक्कों से दर्शकों को रोमांचित किया। इस तरह गन्नौर कमल ने यह फाइनल मुकाबला 30 रन से जीतकर टूर्नामेंट पर कब्जा किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ाैली व जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने विजेता गन्नौर कमल टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। खरखौदा कमल टीम के खिलाड़ी अजय बरोणा को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट आपसी भाईचारे, सद्भावना और प्रेम को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार होते रहेंगे।
जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री ने बताया कि आने वाले समय में भी जिले में विभिन्न प्रकोष्ठों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से इस तरह के टूर्नामेंट आयोजित किए जाते रहेंगे। इस दौरान विधायक पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार, मोनिका दहिया, वीरेंद्र कौशिक, जिला महामंत्री तरुण देवीदास, जिला महामंत्री नीरज कुमार, मोनू राठधना भी मौजूद रहे।