खरखौदा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक की खरखौदा शाखा के प्रबंधक समीर कुमार साहा रहे। अध्यक्षता प्राचार्य संदीप अहलावत ने की।
दीक्षांत समारोह में 17 विभिन्न व्यवसायों के 51 मेधावी विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए प्रमाणपत्र और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि समीर कुमार साहा को संस्थान की तरफ से स्मृति चिह्न भेंट किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी। उन्होंने छात्रों को भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। दीक्षांत समारोह को पौधरोपण के साथ समापन किया गया। कार्यालय अधीक्षक राजेंद्र नांदल, सुरेंद्र हुड्डा व बिजेंद्र मौजूद रहे।