गांव झरोठ में स्थित एक स्कूल में कोचिंग ले रहे सात वर्षीय बच्चे के साथ स्कूल प्राचार्य और स्कूल टीचर द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। बच्चे के पिता द्वारा बच्चे का मेडिकल कराने के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल प्राचार्य और शिक्षक पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव गोपालपुर निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने सात वर्षीय बेटे आर्यन का दाखिला झरोठ गांव स्थित हैप्पी मॉर्डन स्कूल में कराया। वह वहां तीसरी कक्षा में पढ़ता है। आर्यन को राई स्पोर्ट्स स्कूल की परीक्षा दिलाने के लिए कोचिंग दिला रहे हैं।
कुलदीप ने बताया कि शनिवार को वह आर्यन को लेने स्कूल आए। घर आने के बाद जब आर्यन की दादी उसे नहलाने लगी तो पाया कि आर्यन के शरीर पर पिटाई के निशान हैं। पूछने पर आर्यन ने बताया कि उसके स्कूल टीचर और प्राचार्य ने उसकी पिटाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कुलदीप ने आर्यन का मेडिकल कराने के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी।
पुलिस ने कुलदीप की शिकायत पर हैप्पी मॉर्ड्न स्कूल के प्राचार्य रमेश मलिक और टीचर के खिलाफ 323, 34 और 23 जुवेनाइल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई अशोक का कहना है कि पीड़ित के पिता कुलदीप की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है