सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर केएमपी-केजीपी जीरो प्वाइंट के पास हुए सड़क हादसे में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन, राई के छात्र की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। चालक के अचानक ब्रेक लगाने से छात्रों की बाइक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
केरल के कोझिकोड निवासी राजेश ने पुलिस को बताया कि वह एजुकेशन सिटी, राई स्थित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन में तृतीय वर्ष के छात्र हैं। वह कोझिकोड के ही अपने साथी व सहपाठी अमन एम. के साथ टीडीआई सिटी लेक ग्रोव कुंडली स्थित फ्लैट पर जा रहे थे।
जब वह केएमपी-केजीपी जीरो प्वाइंट पर थे तो आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगने से बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे अमन एम. की मौके पर ही मौत हो गई। वह भी घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। वहीं हादसे से विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है। सहपाठियों और शिक्षकों ने मृतक छात्र अमन एम के प्रति शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।