सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से संचालित की जा रही 10वीं कक्षा की कंपार्टमेंट व अंक सुधार की परीक्षा में शनिवार को बोर्ड उड़नदस्ते ने नकल करते एक छात्रा को पकड़ा। आरोप है कि छात्रा ने नकल करने के लिए खिड़की से बाहर खड़े अपने परिचित को पेपर दिया था। हालांकि निरीक्षण करने पहुंची बोर्ड की फ्लाइंग टीम ने छात्रा को पकड़ लिया। जिसके बाद उसका यूएमसी बनाया गया है।
शनिवार को गणित विषय की कंपार्टमेंट की परीक्षा हुई। मुरथल अड्डा स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर उड़नदस्ते ने निरीक्षण किया। एक छात्रा ने खिड़की से बाहर खड़े अपने परिचित को नकल करने के पेपर थमाया था। पकड़े जाने पर कुछ देर तक हंगामा भी हुआ। वहीं इंस्पेक्टर सतबीर, सिविल लाइन थाना का कहना है कि बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा में एक छात्रा की तरफ से खिड़की से बाहर खड़े अपने परिचित को पेपर देने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।