संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। रोहतक रोड स्थित अनाज मंडी में सोमवार को गेहूं की आवक और खरीद जारी रही। मंडी में सोमवार को करीब 30 हजार क्विंटल गेहूं आया मगर हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति और विपणन संघ (हैफेड) की ओर से 18,800 क्विंटल गेहूं खरीदा गया।
दूसरी ओर गोहाना मंडी में आढ़तियों की हड़ताल होने की वजह से गेहूं की आवक नहीं हो रही। खरखौदा और गोहाना मंडी में आढ़तियों ने गेहूं डलवाने से मना कर रखा है। गन्नौर मंडी में छह हजार क्विंटल गेहूं पड़ा है। वहां अब तक खरीद नहीं शुरू हुई है।
गेहूं की कटाई जोरों पर हो रही है। मंडियों में किसान गेहूं लेकर पहुंच रहे हैं मगर उसे खरीदा नहीं जा रहा है। इससे किसान परेशान हैं। मार्केट कमेटी चेयरमैन निशांत छौक्कर ने रविवार को गन्नौर मंडी का दौरा किया था। उस दौरान कई ढेरियों की नमी की जांच करवाई थी।
चेयरमैन ने उच्च अधिकारियों से बातचीत कर मंडी में तुरंत खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों की ओर से सोमवार से एजेंसी के माध्यम से गेहूं खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। सोमवार को गन्नौर मंडी में 18,556 क्विंटल गेहूं आया है मगर खरीद अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
सोनीपत की अनाज मंडी में नमी 15 फीसदी और गेहूं में सफाई न होने के कारण रविवार को हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन ने खरीद करने से मना कर दिया था। खरीद नहीं होने से किसानों को परेशानी हुई थी। सोमवार को हैफेड एजेंसी का गेहूं खरीद का दिन रहा। हैफेड की ओर से 18,800 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई।