सोनीपत के लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक लेते उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार। संवाद
सोनीपत। सड़कों पर बने अवैध कटों के कारण हुई दुर्घटनाओं में लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ती है। इन दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों, केएमपी व केजीपी एक्सप्रेस वे पर बने अवैध कट तुरंत प्रभाव से बंद करवाएं। अवैध कट करने वाले लोगों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई की जाए। यह निर्देश उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने जारी किए हैं।
वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा व सुरक्षित वाहन पॉलिसी से संबंधित मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में बढ़ते कोहरे के मौसम के चलते सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगवाने के साथ पेड़-पौधों की भी छटाई करवाएं। जिला में जितने भी सड़कें टूटी हुई हैं, उन्हें भी तुंरत ठीक करवाएं ताकि लोगों को आने-जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे सुरक्षित वाहन पॉलिसी के तहत अपने क्षेत्र में स्कूल बसों की लगातार जांच करें और खामियां मिलने पर उनके चालान करें। उन्होंने टोल प्लाजा अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि टोल प्लाजा पर लोगों के ठहरने की अच्छी व्यवस्था करवाई जाए। रोड के साथ जो नाले बनाए जाते हैं उनकी लगातार सफाई करवाई जाए और टूटने पर तुरंत उनकी मरम्मत करवाएं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पर नहरों की पटरी पर कोई सड़क बनी है तो वहां पर टूटी नहरी दीवारों को तुरंत प्रभाव से ठीक करवाएं। वहीं जीटी रोड से नाहरा रोड पर इकट्ठे हो रहे पानी को लेकर उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस स्थान का तुरंत दौरा करें और समस्या का तुरंत समाधान करवाएं। बहालगढ़ चौक से दीपालपुर रोड तक लगने वाली रेहड़ियों को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस व नगर निगम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीसीपी विरेंद्र सिंह, एसडीएम आशीष कुमार, निर्मल नागर, डॉ. अनमोल, अमित कुमार, नगराधीश पूजा कुमारी, आरटीए सचिव डॉ. नीरज जिंदल, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री, डीडीपीओ राजपाल चहल सहित संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।