सोनीपत। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थरबाजी करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को दोपहर के समय पत्थरबाजी की घटना हुई है। इससे पहले वीरवार को भी वंदे भारत पर पत्थरबाजी की गई। वारदात सोनीपत के राठधना व नरेला स्टेशन के बीच हुई। इसके बाद आरपीएफ ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं को रोकने के लिए आरपीएफ ने फिर से ऑपरेशन दोस्ती अभियान की शुरुआत कर दी है, ताकि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों तक पहुंचा जा सके। आरपीएफ प्रभारी संगम व जीआरपी थाना प्रभारी महावीर सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाकर शनिवार को राठधना स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों व आसपास क्षेत्र के लोगों जागरूक किया गया। इस दौरान एएसआई अगत सिंह, विकास, धर्मेंद्र, सुरेंद्र व सुमन यादव मौजूद रही।
राठधना-नरेला स्टेशन के बीच हुई पत्थरबाजी
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि 12 जुलाई को दिल्ली से अंबाला अप लाइन पर राठधना-नरेला स्टेशन के बीच दोपहर करीब 3:20 बजे ट्रेन संख्या 22477 वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की गई। इसी प्रकार एक दिन पहले 11 जुलाई वीरवार को भी वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजी करने का मामले सामने आया है। हालांकि घटना में किसी को चोट नहीं आई। इसकी जांच के बाद आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पत्थर फेंकने वालों का पता नहीं लग सका है। रेलवे पुलिस उनका पता लगाने का प्रयास कर रही है।
होती रहती है पत्थरबाजी
सोनीपत रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पत्थरबाजी अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों पर की जा रही है। रेलवे लाइन से लगते कई क्षेत्रों में कॉलोनियों के बच्चे कई बार खेल-खेल में ट्रेनों पर पत्थर फेंक देते हैं। इससे यात्रियों के चोटिल होने का डर बना रहता है। साथ ही गाड़ियां भी देरी से चलती हैं। रेलवे को आर्थिक नुकसान होने के साथ यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उधर आरपीएफ की ओर से शुरू किए गए ऑपरेशन दोस्ती अभियान की शुरुआत होने से पहले ही लगातार दो बार वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजी हो गई।
ट्रेन पर पत्थर फेंकने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए ऑपरेशन दोस्ती अभियान की शुरुआत कर दी गई है। शुक्रवार को राठधना-नरेला स्टेशन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थरबाजी हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को राठधना स्टेशन व आसपास लगते क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक किया गया। ट्रेन पर पत्थरबाजी करने के मामले में दोषी को 5 साल तक की सजा व 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
- संगम, थाना प्रभारी, आरपीएफ, सोनीपत