सोनीपत। अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग पर शुगर मिल फ्लाईओवर के पास साउथ प्वाइंट स्कूल के सामने शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई। उसकी पहचान कामी रोड स्थित हनुमान नगर निवासी 18 वर्षीय शीतल के रूप में हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
जांच अधिकारी सरिता देवी ने बताया कि मृतका शीतल 12वीं कक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद शहर के एक निजी शिक्षण संस्थान में कोचिंग ले रही थी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से घूमने के लिए निकली थी। साउथ प्वाइंट स्कूल के पास रेलवे लाइन पार करते समय अंबाला-दिल्ली डाउन लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में शीतल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शीतल के चार भाई-बहन हैं, वह तीसरे नंबर पर थी। उनके पिता की दिमागी हालत ठीक नहीं है। माता दिहाड़ी मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरे नंबर का बड़ा भाई राई स्थित एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है, छोटी बहन फिलहाल पढ़ाई कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।