सीसीटीवी में दिखाई दे रहा चोरी का संदिग्ध।
- फोटो : Sonipat
कुंडली। कुंडली स्थित श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय में चोरों ने नौ मिनट में पांच ताले तोड़ दिए और अलमारी से 2000 रुपये चोरी कर ले गए। सीमेंट एजेंसी संचालक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। चोरी के संदिग्ध आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए हैं।
जितेंद्र अग्रवाल ने बताया कि हाईवे पर उनकी श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी के नाम से सीमेंट की एजेंसी है। गोदाम के आगे कार्यालय बना हुआ है। कार्यालय का गेट हाईवे पर खुलता है। उन्होंने बताया कि शनिवार को कार्यालय से नकदी व अन्य सामान ले गए थे। गल्ले में करीब 2000 रुपये ही छोड़े थे। रविवार को कार्यालय बंद रहता है। रविवार सुबह सूचना मिली कि कार्यालय के ताले टूटे पड़े हैं। वहां जाकर देखा तो ताले तोड़कर चोर करीब 2000 रुपये ले गए थे। सीसीटीवी की जांच करने पर पता लगा कि चोरी करने दो व्यक्ति आए थे। शटर के ताले के अलावा अंदर गल्ले व गोदरेज की तिजोरी की ताले भी तोड़े गए थे। चोर रविवार तड़के 4 बजकर 17 मिनट पर कार्यालय के अंदर आए और 4 बजकर 26 मिनट पर चले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।