गोहाना में एसडीएम अंकित कुमार समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए। स्रो
गोहाना। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए एसडीएम अंकित कुमार ने सोमवार को गणना प्रपत्र संग्रहण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने कथुरा, भंडेरी और आहुलाना गांवों का दौरा कर फील्ड में चल रहे कार्य का निरीक्षण भी किया।एसडीएम ने कहा कि गणना प्रपत्रों के संग्रहण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन सुपरवाइजरों का कार्य संतोषजनक नहीं मिलेगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्रित करने तथा उन्हें समय पर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए ताकि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने सुपरवाइजरों से कहा कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें बल्कि नियमित रूप से फील्ड में जाकर बीएलओ के कार्य की निगरानी करें।
एसडीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। बैठक में एईआरओ शिखा, डेडिकेटेड एईआरओ लवल किशोर, स्पेशल एईआरओ सुंदर शर्मा, लेखाकार प्रवीन तथा संदीप भी उपस्थित रहे।