संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने 59वीं राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब खिलाड़ियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मैदान में उतरना होगा। यह बदलाव जिला शिक्षा अधिकारियों के अनुरोध और अन्य प्रतियोगिताओं की तारीखों में टकराव के कारण किया गया है।
निदेशालय ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके बाद संबंधित जिलों को नई तिथियों के अनुसार तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। सोनीपत में अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के लड़कों की बास्केटबॉल प्रतियोगिता अब 8 से 10 सितंबर तक होगी। इसी अवधि में इन तीनों आयु वर्गों के लड़कों की कुश्ती प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएंगी। कुश्ती प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल एवं ग्रीको रोमन शैलियां शामिल होंगी।
पहले सोनीपत में इन मुकाबलों के लिए 5 से 7 सितंबर की तारीख निर्धारित थी। तारीख बदलने से खिलाड़ियों, टीमों और स्कूलों को व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त समय मिला है। संबंधित अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां पूरी करने को कहा गया है।
संशोधित कार्यक्रम का असर प्रदेश के अन्य जिलों में होने वाली प्रतियोगिताओं पर भी पड़ा है। गुरुग्राम में अंडर-14, 17 और 19 लड़कों की क्रिकेट व टेनिस प्रतियोगिता अब 8 से 10 सितंबर तक होगी, जो पहले 5 से 7 सितंबर पर निर्धारित थी। यमुनानगर में लड़कों की अंडर-14, 17 और 19 भारोत्तोलन प्रतियोगिता 16 से 18 सितंबर तक आयोजित होगी, जिसके लिए पहले 11 से 13 सितंबर की तारीख तय की गई थी। झज्जर में अंडर-14, 17 और 19 लड़कों की तैराकी प्रतियोगिता अब 8 से 10 अक्तूबर तक होगी। यह प्रतियोगिता पहले 11 से 13 सितंबर तक प्रस्तावित थी।
इंसेट
केवल प्रतियोगिताओं की तिथियों में संशोधन : शिक्षा निदेशालय
शिक्षा निदेशालय ने साफ किया है कि केवल प्रतियोगिताओं की तिथियों में संशोधन हुआ है। आयोजन से संबंधित पहले जारी किए गए अन्य दिशा-निर्देश यथावत लागू रहेंगे। प्रतियोगिताएं पूर्व निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कराई जाएंगी। संशोधित कार्यक्रम की सूचना जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, जिला खेल अधिकारियों और संबंधित विभागों को भेज दी गई है।