गन्नौर। नगर पालिका हाउस की बुधवार को हुई हैठक में नॉमिनेट समेत 17 पार्षद मौजूद रहे। विधायक देवेंद्र कादियान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। करीब दो घंटे तक चली बैठक में शहर के विकास और जन समस्याओं पर चर्चा की गई।
विधायक ने कहा कि शहर के विकास के लिए में बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। शहर के पार्कों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। प्रमुख चौकों का नामकरण किया जाएगा। रेलवे रोड पर जीटी रोड से रेलवे स्टेशन तक व्यवस्थित ढंग से ग्रिल लगाई जाएगी।
बस अड्डे पर बने महाराजा अग्रसेन द्वार की तर्ज पर बेगा रोड पर यमुना द्वार सहित अन्य द्वार बनाए जाएंगे। गन्नौर स्टेडियम का नाम अटल रखा जाएगा। विधायक ने कहा कि शहर में सबसे अधिक विकास कार्यों की जरूरत गांधी नगर क्षेत्र में है। उस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वार्ड पार्षद कृष्ण टांक ने रेलवे लाइन के दूसरी ओर श्मशान घाट का मुद्दा उठाया। विधायक ने इसे जायज मांग बताते हुए कहा कि इस दिशा में काम चल रहा है। पार्षद अजय सरोहा ने गोशाला से सटी गली में लंबे समय से जलभराव की समस्या उठाते हुए अनदेखी का आरोप लगाया।
विधायक ने समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। पार्षद सतबीर शर्मा ने वसंत विहार में पानी की निकासी की समस्या रखी। बैठक में पार्षदों ने अड्डे पर फ्लाईओवर के नीचे शौचालय बनवाने, आधार कार्ड सेंटर बंद होने और बीएलओ की लापरवाही का मुद्दा भी उठाया।
विधायक ने एसडीएम को फोन कर बीएलओ की बैठक को लेकर सख्त निर्देश दिए। नपा अध्यक्ष अरुण त्यागी ने बताया कि नगर पालिका की ओर से अब तक 690 लावारिस गोवंश और 300 बंदरों को पकड़ा जा चुका है।
विधायक ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में 50-50 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। नई कॉलोनियों के लिए सरकार से मिली ग्रांट से सभी कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में विधानसभा में स्टॉर्म वाटर लाइन, बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन नवीनीकरण, बाईपास और मंडी शिफ्टिंग के मुद्दे उठाए।
उन्होंने कहा कि करीब 17 करोड़ रुपये से स्टॉर्म वाटर लाइन का टेंडर जल्द किया जाएगा। कॉलेज और अस्पताल के भवन को हाईवे की तरफ बनाया जाएगा। नगर पालिका की आमदनी बढ़ाने के लिए उसकी चिह्निति जमीन पर कॉमर्शियल बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस अवसर पर नपा सचिव प्रदीप खर्ब, एमई राहुल मोर, जेई अरविंद भी मौजूद रहे।