सोनीपत। मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल राई की अंडर-14 बास्केटबॉल टीम ने ऑल इंडिया पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस (आईपीएससी) के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। प्रतियोगिता 31 अक्तूबर से 2 नवंबर तक बिरला पब्लिक स्कूल, पिलानी, राजस्थान में आयोजित हुई।
टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में एलके सिंघानिया स्कूल, गोटन, राजस्थान को 53-18 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में मान पब्लिक स्कूल, दिल्ली से हुए कड़े मुकाबले में टीम को मात्र 51-45 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा लेकिन टीम ने पूरी प्रतियोगिता में अपने खेल से सबका दिल जीत लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ओलंपियन जोरावर सिंह शेखावत ने विजेता और उपविजेता टीमों को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खेल स्कूल राई के खिलाड़ी अर्णव, वीर और आदित्य के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन नेशनल स्कूल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अब यह तीनों खिलाड़ी आईपीएससी टीम की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
स्कूल लौटने पर प्राचार्य प्रमोद कुमार धीमन और खेल अधिकारी चंदर शेखर शर्मा ने खिलाड़ियो और प्रशिक्षक साहिल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण ने एक बार फिर खेल स्कूल राई की श्रेष्ठता को साबित किया है।