गन्नौर । जीटी रोड स्थित भिगान टोल प्लाजा पर बड़ी के उद्यमियों के साथ टोल कर्मचारी दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इसको लेकर एमएसएमई इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव हरप्रीत सिंह ने केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को शिकायत भेजी है।
हरप्रीत सिंह ने बताया कि बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के 90 फीसदी फैक्टरियां दिल्ली के उद्यमियों की हैं। हर रोज उन्हें दिल्ली से बड़ी अपनी फैक्टरी में आना पड़ता है। उन्होंने भिगान टोल प्लाजा पर अपना महीने का पास भी बनवाया हुआ है मगर उन्हें टोल पर लाइन में करीब 10 से 20 मिनट खड़े रहना पड़ता है। इसकी वजह से उनका समय खराब होता है।
वह सरकार को राजस्व देने का काम करते हैं मगर जब वह टोल कर्मियों से बात करते हैं तो उनके साथ विवाद करने के अलावा बदतमीजी की जाती है। वह टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी लाइन को लेकर भी बड़ी थाने में शिकायत दे चुके हैं मगर कोई समाधान नहीं हो रहा।
उन्होंने टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी लाइन और कर्मचारियों के दुर्व्यवहार को लेकर केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।