फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विशेष शिविर : दस्तावेजों की जांच के लिए टोकन प्रक्रिया लागू, फिर भी व्यवस्था बेहाल

Thu, 09 Jan 2025 03:43 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। रेलवे रोड स्थित नगर निगम कार्यालय में पेंशनधारकों के दस्तावेजों की जांच के लिए लगाए गए शिविर में बुधवार को भी अव्यवस्था का माहौल नजर आया। शिविर में वार्ड 6 से 10 तक के करीब 960 पेंशनधारक अपने दस्तावेजों की जांच करवाने आए। बुधवार को टोकन प्रक्रिया लागू करने के बाद भी पेंशन धारकों की भीड़ से यह व्यवस्था भी बेहाल नजर आई। शिविर में काफी पेंशन धारक टोकन मिलने से वंचित रह गए। नगर निगम कार्यालय में चार दिन विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। दूसरे दिन शिविर में नगर निगम के क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ व लेखा अधिकारी सुनील हुड्डा ने अन्य कर्मचारियों के साथ वार्ड 6 से 10 तक के पेंशनधारकों के रिकॉर्ड व दस्तावेजों की जांच की। पांच वार्डों के लिए एक साथ दोबारा शिविर लगने के बावजूद सभी पेंशनधारकों के दस्तावेजों की जांच नहीं हो पा रही है। कुछ पेंशनधारकों को शिविर का समय पूरा होने पर बिना दस्तावेजों की जांच हुए वापस लौटना पड़ा। शिविर में टोकन लेने के लिए पेंशनधारकों की भीड़ एक-दूसरे के ऊपर चढ़ती नजर आई। सभी पेंशनधारकों को टोकन मुहैया नहीं हो पाए। कई पेंशनधारक मायूस होकर भीड़ में खड़े होकर टोकन मिलने का इंतजार करते रहे। अधिकारियों ने कहा कि करीब 60 पेंशनधारकों का नंबर नहीं आया। कल सुबह पहले उन्हीं के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। दस्तावेजों की जांच कर 13 जनवरी को हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश की जाएगी।
विज्ञापन


पेंशन संबंधी दस्तावेजों की जांच करवाने के लिए कई दिन से शिविर के चक्कर लगा रहे हैं। आज शिविर में पहुंचे तो कर्मचारी बोलें टोकन बट चुके हैं।
वासुदेव, सेक्टर-15

दस्तावेजों की जांच करवाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शिविर में कोई व्यवस्था नहीं है। बिना लाइन लगवाए टोकन बांटे जा रहे हैं। टोकन भी पूरे नहीं हैं।
सचिदानंद, पटेल नगर
शिविर में एक साथ पांच वार्डों के पेंशनधारकों को बुलाकर भीड़ इकट्ठी की जा रही है। सभी को भीड़ में खड़े होकर टोकन का इंतजार करना पड़ रहा है।
सोमनाथ, सेक्टर-12

पहले शिविर के बारे में पता नहीं चलने से दस्तावेजों की जांच नहीं करवा पाई। आज जांच करवाने पहुंची तो टोकन खत्म हो गए। अब टोकन मिलने का इंतजार है।
मोमिना, ईदगाह कॉलोनी
उपायुक्त ने शिविर का दौरा कर जांची व्यवस्थाएं
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने शिविर का दौरा कर पेंशनधारकों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशानुसार पेंशनधारकों के दस्तावेजों की जांच करवाई जा रही है। गांव व शहर में पेंशनधारकों के दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। उपायुक्त ने नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पेंशनधारकों के दस्तावेज पूरे करवाएं। उनके बैठने सहित अन्य व्यवस्थाओं का प्रबंध करवाए। उपायुक्त ने पेंशनधारकों से कहा कि बिना कारण पेंशन नहीं काटी जाएगी, लेकिन दस्तावेजों की जांच अवश्य करवाएं। अगर शिविर के दौरान कोई व्यक्ति छूट जाता है तो वह घबराएं नहीं। उनको दस्तावेज जमा करवाने का दोबारा मौका दिया जाएगा।

कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में बनाया गया आईसालेशन वार्ड। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें