संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। गांव अहीर माजरा से 19 युवक युवक घर से जाते समय भावुक नोट छोड़ गया। युवक ने नोट में लिखा है कि पापा साॅरी...मैंने आपके 11वीं और 12वीं में लगाए गए पैसे बर्बाद कर दिए हैं। मैं कहीं का नहीं रहा। शायद ही मैं आपसे कभी मिल पाऊं। इसके बाद पिता ने इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी है।
अहीर माजरा गांव के नृत्यगोपाल ने बताया कि 13 मई की शाम को वह चुलकाना धाम गए हुए थे। इस दौरान विष्णु घर से बिना बताए कहीं चला गया। जब उसकी तलाश की गई तो कमरे में एक नोट मिला। उसमें लिखा था कि पापा साॅरी...मैंने आपके 11वीं और 12वीं में लगाए पैसे बर्बाद कर दिए हैं।
यह पढ़ते ही परिवार के पैरों के तले से जमीन खिसक गई। उन्होंने उसकी तलाश रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्र में की लेकिन विष्णु का पता नहीं चला। नृत्यगोपाल ने बताया कि उनकी तीन बेटियां है। विष्णु को उन्होंने अपने भाई सुभाष से गोद लिया हुआ है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विष्णु की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।