नगर निगम शामिल हुए गांवों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए 12 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि से गलियां, नालियां और गंदे पानी की निकासी का प्रबंध किया जाएगा। वहीं दीपालपुर, रायपुर, मुरथल, कमासपुर, शाहपुर तुर्क गांव में सामुदायिक भवनों का निर्माण किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि 12 करोड़ रुपये से इन गांवों में 23 विकास कार्य करवाने मंजूर किए हैं, जिसके टेंडर लगाए जा चुके हैं। पांच गांवों में बनने वाले प्रत्येक सामुदायिक भवन पर 1.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अब तक निगम में शामिल गांवों के विकास पर 13.62 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इनसे मुरथल, नांगल खुर्द, हरसाना, गढ़ शहजानपुर, जगदीशपुर, दीपालपुर, असावरपुर, फाजिलपुर, बैयांपुर, राई, जोशी जाट, देवडु, राठधना, कमासपुर, लिवान, लहराडा, खेवड़ा, शाहपुर गांव में विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल निगम के गांवों में पांच करोड़ रुपये खर्च कर 25 विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा यमुना रेनीवैल प्रोजेक्ट से निगम के गांवों को भी पानी उपलब्ध करवाया जाएगा, इसके लिए काम चल रहा है। वहीं अम्रुत योजना के तहत भी निगम में 40 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च की जाएगी, जिसमें निगम में गांवों में भी पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।