हरियाणा के सोनीपत में गोहाना-जींद की तरफ से आने वाले वाहन चालक बड़वासनी के पास गुजर रहे एनएच-334पी पर जल्द रफ्तार भर सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से पश्चिमी यमुना नहर के साथ एनएच-334पी का निर्माण पूरा कर लिया है। इसे खोलने के लिए केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
इस मार्ग के चालू होने से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। यह मार्ग दिल्ली के अंदर द्वारका एक्सप्रेस वे (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) से जोड़ा गया है। इस राजमार्ग के जरिए लोग 35 मिनट में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पहुंच जाएंगे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से बड़वासनी से लेकर दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र तक 29.6 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया गया है। इसके निर्माण के लिए 694 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
चार मार्गीय राष्ट्रीय राजमार्ग को गांव बड़वासनी के पास एनएच-352ए से लिंक किया गया है और दिल्ली के अंदर द्वारका एक्सप्रेस वे (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) से जोड़ा जा रहा है। इस मार्ग के जुड़ने के बाद सोनीपत, जींद के अलावा चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से लोगों को दिल्ली के हवाई अड्डे पहुंचने में बड़ी सुविधा देगा।
अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 एक तरह से दिल्ली का तीसरा रिंग रोड होगा। इस एक्सप्रेस-वे के जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सड़कों का ऐसा तंत्र विकसित कर रहा है, जिससे थमे हुए यातायात को रफ्तार मिल सकेगी। इसके साथ ही यह दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने में भी मददगार साबित होगा।
पश्चिमी-दक्षिणी दिल्ली, आईजीआई एयरपोर्ट और गुुरुग्राम के लोग अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 के जरिए एनएच-44 तक भी आसानी से पहुंच पाएंगे। इससे चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जाने में सहूलियत होगी। इसके साथ ही इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से आसपास के इलाकों में सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। लगभग सारा रोड रेड लाइट (ट्रैफिक लाइट) फ्री होगा।
द्वारका के जरिए से एनएच-2 से होकर गुजरेगा
दिल्ली में यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली के बकौली गांव से शुरू होकर बवाना औद्योगिक क्षेत्र, रोहिणी, मुंडका, बक्करवाला, नजफगढ़ और द्वारका के जरिए से एनएच-2 से होकर गुजरेगा। बवाना के पास सोनीपत की तरफ आने के लिए एनएच 334पी का निर्माण किया गया है।
पश्चिमी यमुना लिंक नहर के साथ एनएच-334पी निर्माण पूरा कर लिया है। सरकार से हरी झंडी मिलते ही एनएच-334पी को खोल दिया जाएगा। इसके बाद सोनीपत से आईजीआई का सफर आसान हो जाएगा। इस मार्ग को दिल्ली के अंदर द्वारका एक्सप्रेस से जोड़ा गया है।
-मिनी सिंह, उप प्रबंधक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण।