हरियाणा में पेपर सॉल्वर गैंग के पांच आरोपियों को एसटीएफ सोनीपत ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सोनीपत के गांव पिपली निवासी अतुल, पवनजीत, आकाश और रवि दहिया तथा रोहतक के गांव नौनंद का अभय है। एसटीएफ पांचों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
एसटीएफ सोनीपत प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश देशवाल ने बताया कि पानीपत में दर्ज मुकदमे में अतुल, पवनजीत, आकाश, रवि दहिया व अभय को गिरफ्तार किया गया है। पांचों को 6 अक्तूबर, 2021 को पानीपत के सेक्टर-13/17 थाना में पानीपत के सुरक्षा शाखा प्रभारी प्रमोद के बयान पर दर्ज मुकदमे में पकड़ा गया है।
एसटीएफ ने मामले में अतुल, पवनजीत, आकाश, रवि दहिया व अभय को गिरफ्तार किया है। पांचों आरोपी पहले गिरफ्तार आरोपी सीबीआई कर्मी गांव पिपली निवासी दिशांत के माध्यम से गैंग से जुड़े थे। इनमें अतुल केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) कर्मी है और फिलहाल दिल्ली के रोहिणी में चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्यरत है।
वहीं आकाश भी स्टॉफ सलेक्शन कमीशन की तरफ से आयोजित कंबाइंड हॉयर सेकेंडरी लेवल (एसएससी सीएचएसएल) की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका है। हालांकि अभी उसकी नियुक्ति नहीं थी। दोनों ने गैंग के साथ जुड़कर परीक्षा पास की थी। बाद में वह गैंग के लिए ही अभ्यर्थी लेकर आने लगे और कमीशन लेने लगे। एसटीएफ पांचों को पानीपत कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
पेपर सॉल्वर गैंग के पांच अन्य सदस्य काबू किए गए हैं। इनमें दो गैंग से जुड़कर परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। अब पांचों गैंग के लिए अभ्यर्थी लेकर आते थे और पेपर के अनुसार कमीशन लेते थे। -इंस्पेक्टर सतीश देशवाल, प्रभारी, एसटीएफ सोनीपत