केएमपी निर्माण में आने वाली दुर्गा कॉलोनी के लोगों को अल्टीमेटम देने गई प्रशासन की टीम को कॉलोनी के लोगों ने स्टे की कॉपी दिखाकर बैरंग लौटा दिया। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि इस तरह से वे अपने घरों को नहीं खाली करेंगे। अगर घरों को खाली कराना है तो प्रशासन ने उन्हें दूसरी जगह घर बनाकर देने होंगे।
कॉलोनी मे रहने वाले राजेश यादव, जोगिंद्र सिंह, राजेंद्र चौहान, लेखराज, देव सिंह, रोशनी देवी, अजय राठी, राजेंद्र सिंह, विरेंद्र व सतीश ने बताया कि गुरुवार को कॉलोनी में राई के नायब तहसीलदार हवा सिंह पूनिया टीम को लेकर पहुंचे थे। जहां नायब तहसीलदार ने कॉलोनी के लोगों को अल्टीमेटम दिया कि वे दो से पांच दिन के अंदर कालोनी को खाली कर दें, ताकि केएमपी के निर्माण को पूरा किया जाए। नायब तहसीलदार के इस अल्टीमेटम का कॉलोनी के लोगों ने ने विरोध किया और कहा कि उनका के हाईकोर्ट में विचाराधीन है, उन्होंने इस बाबत स्टे भी ले रखा है। इसके लिए हाईकोर्ट में 20 मार्च को अगली सुनवाई होनी है। कोर्ट के स्टे के बाद भी प्रशासन उन्हें अल्टीमेटम दे रहा है। इससे कॉलोनी के लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। उन्होंने कहा कि बड़ी मशक्कत से घर का निर्माण किया था, वे यहां पर वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन अब प्रशासन उनके घर तोड़ने की कह रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार करेंगे कार्रवाई
नायब तहसीलदार हवा सिंह पूनिया ने कहा कि कॉलोनी के लोगों को अल्टीमेटम देने के लिए टीम वीरवार को दुर्गा कॉलोनी में गई थी। वहां कॉलोनी के लोगों ने उन्हें कोर्ट के स्टे की कॉपी दिखाई। कॉलोनी के लोगों से स्टे की कॉपी ले ली है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट से जो आदेश मिलेगा, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।