फोटो : सोनीपत रेलवे जंक्शन पर निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम पुष्पेंद्र रमन त्रिपाठी व अन्य अधिका
- फोटो : samvad
सोनीपत। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के 17 जुलाई को प्रस्तावित शुभारंभ को लेकर सोनीपत रेलवे स्टेशन पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार शाम दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंध और स्वागत तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
करीब 20 मिनट तक चले निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, प्रवेश एवं निकासी मार्ग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। निर्धारित कार्यक्रम के तहत पांडू पिंडारा, गोहाना और मोहाना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद वह विशेष रेलयान से सोनीपत पहुंचे थे। निरीक्षण के बाद वह दिल्ली लौट गए।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को समर्पित करेंगे। उद्घाटन के बाद ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सोनीपत पहुंचेगी। पहले परिचालन के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को भी इस पर्यावरण अनुकूल और अत्याधुनिक ट्रेन में यात्रा का अवसर मिलेगा। हालांकि, बीच के स्टेशनों पर ट्रेन के ठहराव का अंतिम कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है।
स्टेशन पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था की जा रही है। टिकट आरक्षण केंद्र के प्रतीक्षालय में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जहां लोग उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। बुधवार को कर्मचारी स्क्रीन और बिजली व्यवस्था से जुड़े कार्यों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि उद्घाटन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि यात्रियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।