राजकीय स्कूलों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शिक्षा विभाग चिंतित है। वहीं, चोरी की घटनाओं को रोकने व आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस भी नाकाम है। इन घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए शिक्षा विभाग ने पंचायतों का सहयोग लेने का फैसला लिया है। इतना ही नहीं आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ विभाग को चोरी हुआ सामान बरामद कराने को एसपी व डीसी को पत्र लिखा है और गांवों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पिछले एक महीने में जिला के आधा दर्जन से अधिक स्कूलों में लाखों की चोरी की वारदात सामने आ चुकी हैं। चोरों का निशाना कंप्यूटर कक्ष बने हुए हैं। जहां से चोर कंप्यूटर, टीवी, इनवर्टर की बैट्री व एलईडी सहित लाखों के सामान को चोरी करते हैं। स्कूलों से लगातार हो रहे कंप्यूटर चोरी से स्कूल के कार्य पर प्रभाव पड़ता है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ विभाग की बदनामी होती है। चोरी की इन घटनाओं का मुख्य कारण स्कूलों में चौकीदार तैनात न होना भी है। वहीं, पुलिस भी इन वारदात पर लगाम लगाने में सख्त कदम नहीं उठा रही है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। चोरी की इन वारदात पर लगाम लगाने के लिए शिक्षा विभाग ने पंचायतों का सहारा लेने का मन बनाया है। वहीं, गांवों में पुलिस की गश्त बढ़ाने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर विभाग को चोरी हुआ सामान जल्द बरामद कराने को डीईओ ने एसपी व डीसी को पत्र लिखा है, ताकि स्कूलों में सुचारु रूप से कार्य हो सके।
एक माह में ये स्कूल बने चोरों का निशाना
कामी गांव के राजकीय स्कूल से टीवी व इनवर्टर की चार बैट्री चोरी
ताजपुर गांव के स्कूल में कंप्यूटर कक्ष से लाखों का सामान चोरी
खेवड़ा गांव के स्कूल से कंप्यूटर व अन्य सामान चोरी
मुरथल गांव के स्कूल से 22 कंप्यूटर व अन्य सामान चोरी
जाखौली गांव के स्कूल से 21 एलईडी व तीन कंप्यूटर चोरी
निरथान गांव के स्कूल से मिड-डे-मील का सामान चोरी
कुराड़ के राजकीय स्कूल से सीपीयू व मॉनीटर चोरी
विभाग करेगा सख्ती
स्कूलों में लगातार हो रही चोरी रोकने में विभाग सख्ती अपनाएगा। इसके लिए एसपी व डीसी को पत्र लिखकर गांवों में गश्त बढ़ाने के साथ आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनसे सामान बरामद कराने की मांग की है, ताकि स्कूलों में कोई कार्य प्रभावित न हो। इसके अलावा सरपंचों से रात के समय गांवों में चौकीदार रखने की अपील भी की जाएगी, जिससे चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके।
-जिले सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी।