बस अड्डा परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे रोडवेज कर्मी नारेबाजी करते हुए
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित रोडवेज कर्मचारी यूनियन के बैनर तले कर्मचारी मांगों को लेकर सोमवार को बस अड्डा परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे, जिसकी अध्यक्षता डिपो प्रधान विक्रम सिंह ने की, जबकि संचालन डिपो सचिव रामपत गोरड़ ने किया।
प्रधान विक्रम सिंह ने कहा कि दो अगस्त को परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में हुई रोडवेज कर्मचारी यूनियन की मीटिंग के दौरान 12 मांगों पर सहमति हुई थी, लेकिन सरकार ने अभी तक किसी भी मांग को पूरा करने का कोई आदेश जारी नहीं किया। सरकार अब भी नहीं जागी तो 14 दिसंबर को सभी डिपो से यूनियन के कर्मचारी पंचकूला में जाकर आंदोलन करेंगे।
हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला महासचिव हरीश राणा ने भी सरकार को चेतावनी दी कि समय रहते रोडवेज कर्मियों की मांग नहीं मानी तो कर्मचारियों के साथ महासंघ भी उनके आंदोलन में शामिल होगा। इस अवसर पर राकेश, बलवान, जसमेर, मनजीत, सतेंद्र, रोशन, सुनील सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।