खरखौदा में हादसे के बाद अनियंत्रित होकर नहर में गिरी कार को क्रेन से निकलवाती पुलिस।
- फोटो : bureau
गांव छिन्नौली के पास से गुजर रही एनसीआर वाटर चैनल नहर पर एक अनियंत्रित कार ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला नहर में जा गिरी और उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे में कार सवार भी कार सहित नहर में गिर गया। कार सवार शीशा तोड़कर बाहर आया और उसने ही बुजुर्ग महिला को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव छिन्नौली निवासी रामरती देवी (63) अपने पति जिले सिंह के साथ प्रतिदिन की तरह वीरवार सुबह सैर करने के लिए निकली थी। सैर कर जब बुजुर्ग दंपति वापस घर की तरफ लौट रहे थे। जब वह एनसीआर वाटर चैनल पर पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने सड़क किनारे चल रही रामरती को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामरती नहर में जा गिरी। वहीं, कार भी पास की पुलिया से टकराने के बाद नहर में जा गिरी। हादसे के बाद कार सवार युवक शीशा तोड़कर बाहर निकला और नहर में गिरी बुजुर्ग महिला को अन्य लोगों की मदद से बाहर निकाला। हालांकि तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बताया गया है कि कार सवार ने एक मोटरसाइकिल चालक को बचाने के प्रयास में कार को अचानक मोड़ दिया था। इसके बाद वह कार से नियंत्रण खो बैठा और बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए स्वयं भी कार सहित नहर में जा गिरा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।