हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का सोमवार को 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया तो किसी का चेहरा खुशी से खिल उठा तो किसी के चेहरे पर मायूसी छा गई। जिले से 19089 छात्र-छात्राओं ने 10वीं की परीक्षा दी थी। छात्र-छात्राओं के इंतजार की यह घड़ी सोमवार दोपहर बाद खत्म हो गई और इस परीक्षा में 12018 को कामयाबी मिली। इनमें लड़कियों ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि जिले के एक भी छात्र ने टॉप नहीं किया, लेकिन परीक्षा परिणाम 62.94 प्रतिशत रहा। वहीं, परीक्षा परिणाम में 1180 को कंपार्टमेंट झेलनी पड़ी, जिनको अब कंपार्टमेंट भरकर उस विषय की परीक्षा देनी होगी, जिसमें वह कामयाब नहीं हो सके। जिले के 5891 छात्र-छात्राओं को यह मौका भी नहीं मिलेगा, क्योंकि इतने छात्रों को कामयाबी नहीं मिली और वह फेल हो गए। इन छात्रों को 10वीं क्लास की बाधा पार करने के लिए अभी एक साल का इंतजार ओर करना होगा। जिले में ऐसे भी काफी स्कूल रहे है, जिनका परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा और उनके सभी छात्र पास हो गए। उन स्कूलों में परीक्षा परिणाम आने के बाद जश्न मनाया गया तो एक-दूसरे को मिठाई बांटी गईं।
जिले से एक भी टॉपर नहीं
जहां 12वीं की परीक्षा का परिणाम आने पर जिले से तीन टॉपर निकलकर आए थे। वहीं 10वीं के परिणाम में एक भी टॉपर नहीं आया है। इस तरह लग रहा है कि 12वीं के मुकाबले 10वीं में छात्र-छात्राओं ने ज्यादा हिम्मत नहीं दिखाई है।
शिव मॉडर्न के 21 छात्रों की मेरिट
ककरोई रोड स्थित शिव मॉडर्न वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 10वीं कक्षा के 21 छात्रों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। इसमें साहिल, मानसी, अमरजीत तृतीय रही। जबकि जसबीर, दीक्षा, प्रदीप, गरीमा, गौरव, तन्नू, शीतल, हिमांशू, अमन, नितेश, अंजली ने मेरिट हासिल की। मेधावी छात्रों ने परिणाम आने पर खुशी मनाई, जबकि सभी मेधावी छात्रों को प्राचार्या पूजा राणा, निदेशिका सुनीता, चेयरमैन अजमेर सिंह ने सम्मानित किया।
भदाना के राजकीय स्कूल में 23 छात्रों की मेरिट
भदाना गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी शत प्रतिशत रहा। स्कूल प्राचार्य जितेंद्र सिंह ने बताया कि 36 छात्रों में से 23 ने मेरिट सूची में नाम दर्ज कराया, जिसमें उत्तम देव प्रथम, साहिल द्वितीय तथा काजल तृतीय रही। मेधावी छात्रों को स्कूल स्टाफ की ओर से सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षक पवन कुमार, सतीश, रेणू, कविता, मीना, बीना, बिमला, हितेश आदि मौजूद रहे।