लगभग एक वर्ष पहले सोनीपत को आदर्श स्टेशन बनाने की घोषणा का काम फिलहाल कागजों पर ही चलता दिखता है। फिलहाल छह महीने तक स्टेशन को आदर्श बनाने का काम धरातल पर आता नहीं दिखाई देता है।
यात्री रेलवे स्टेशन पर दिल्ली की तर्ज पर विभिन्न तरह की सुविधाएं चाह रहे हैं, लेकिन फिलहाल जो सुविधाएं मौजूद हैं, वह भी यात्रियों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती दिखाई देती हैं।
हालांकि सांसद से लेकर कैबिनेट मंत्री तक शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की बात करते नहीं थकते हैं।
रेलवे ने वर्ष 2010-11 में देश के 845 स्टेशनों को आदर्श घोषित करने के लिए योजना बनाई थी। इसमें सोनीपत को भी शामिल किया गया था। इसकी घोषणा रेलवे बोर्ड के अधिकारियों द्वारा की जा चुकी है।
आदर्श स्टेशन के तहत स्टेशन की मौजूदा सेवाओं को और बेहतर किया जाना था। फिलहाल यहां पर जो सुविधाएं हैं उन्हें बढ़ाकर लोगों को और अधिक सुविधाएं देने का काम किया जाएगा।
आदर्श स्टेशन पर होने वाले सभी काम नियमों के अनुसार ही होना था। स्टेशन पर यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए पहले आधुनिकीकरण का काम शुरू किया गया था।
काफी हद तक स्टेशन पर सुविधाएं और सौंदर्यीकरण का काम भी हुआ है, लेकिन यह पूरी तरह मूर्त रूप नहीं ले सका।
वर्तमान में यह है स्थिति
सोनीपत से अंबाला व दिल्ली की ओर हर दिन करीब 10 हजार यात्री सफर करते हैं। जिनकी शिकायत रहती है कि रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं नदारद हैं।
यहां तक की यात्रियों के अनुपात में न तो यहां टॉयलेट हैं और न ही पीने के पानी की टोटियां। वहीं बैठने के लिए सौ में से 10 को ही बेंच नसीब होती है।
बरसात होने पर यात्रियों को सामान्य टिकट खिड़की वाले बरामदे भागते हैं जो नहीं भागते वह भीग जाते हैं। इसके अलावा अवैध पार्किंग भी यात्रियों के लिए सिरदर्द है। इन सभी समस्याओं का समाधान अनिवार्य है।
वाहनों के लिए बनेगी तीन पार्किंग
स्टेशन पर पार्किंग का अभाव है। प्रतिदिन यहां आने वाले यात्री अपनी वाहनों को पार्किंग स्थल के बजाय स्टेशन के मुख्य द्वार पर खड़ा कर देते हैं।
जिससे आने जाने वाले लोगों को और भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से स्टेशन के पास तीन पार्किंग बनाने की योजना है। जिसमें साइकिल, आटो और कार की अलग-अलग पार्किंग होगी।
बनेगा पे एंड यूज टॉयलेट
दिल्ली जैसे स्टेशनों की तर्ज पर पे एंड यूज टॉयलेट की सुविधा भी होगी। जिससे यात्री पैसे देकर स्वच्छ टॉयलेट का यूज कर सके।
इसी माह अंतिम सप्ताह में बिल्डिंग के उद्घाटन की संभव
गत एक जून को सांसद रमेश कौशिक रेलवे स्टेशन पर 70 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही बिल्डिंग का निरीक्षण करने आए थे, लेकिन काम अधूरा होने से इसका उद्घाटन टाल दिया गया।
निर्माणाधीन बिल्डिंग के अंदर शिफ्टिंग का काम शुरू होना है। बिल्डिंग के अंदर बिजली आदि सुविधा के लिए तीन पैनल आ गए हैं।
अब जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में उद्घाटन होने की संभावना है। जिसके बाद पुरानी बिल्डिंग में बैठे कर्मचारी को नई बिल्डिंग में शिफ्ट किया जाएगा।
ये होगी सुविधाएं
1. रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के खाने पीने के लिए तथा आराम करने हेतु मल्टी फंक्शनल कांप्लेक्स।
2. जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वच्छ पेयजल भी रेलवे स्टेशन पर उलब्ध कराया जाएगा।
3. रेलवे स्टेशन की सुंदरता को बढ़ाने के लिए एक प्रवेश द्वार का भी निर्माण कराया जाएगा। इतना ही नहीं आम यात्री को रेलवे स्टेशन पर सभी मूलभूत सुविधाएं बारी-बारी से उपलब्ध करवाई जाएंगी।
4. वेटिंग रूम, रिटारिंग रूम, हाइमास्क लाइट बनाए जाएंगे।
क्या कहते है यात्री
स्टेशन को आदर्श स्टेशन का दर्जा तो मिला है। लेकिन सुविधाएं नाम मात्र की है। ट्रेनों के लेट होने पर इंतजार में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए स्टेशन परिसर में बेंच बढ़ाए जाने चाहिए। यात्रियों के हिसाब से पैसेंजर ट्रेनें बहुत कम हैं।
रामप्रकाश, निवासी ऋषि नगर
आदर्श स्टेशन सोनीपत पर धूम्रपान नहीं रुक रहा। वहीं रेलवे पुलिस अपनी कार्रवाई कर कागजों में स्टेशन को धूम्रपान रहित दिखाने की कोशिश कर रही है। स्टेशन पर सुरक्षा के लिहाज से कोई रेलवे पुलिस भी तैनात नहीं रहती।
अमित कुमार निवासी गन्नौर
स्टेशन परिसर में सफाई का अभाव बना हुआ है। हर जगह गंदगी फैली रहती है। आदर्श रेलवे स्टेशन की घोषणा तो हो गई, लेकिन वास्तव में आदर्श स्टेशन लगता तक नहीं है।
सरोज देवी, निवासी न्यू ब्रहम नगर
सोनीपत स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है और इस काम को जल्द ही पूरा कर लेंगे। इन सुविधाओं के उपलब्ध होने पर न केवल सोनीपत का स्टेशन आदर्श स्टेशन की श्रेणी में गिना जाएगा बल्कि उच्च श्रेणी का रेलवे स्टेशन पर दिल्ली के दबाव को कम करेगा।
रमेश कौशिक, सांसद, सोनीपत
विजय सिंह, स्टेशन अधीक्षक से सीधी बातचीत
संवाददाता- सोनीपत स्टेशन से कितने यात्री रोजाना सफर करते है?
स्टेशन अधीक्षक- सोनीपत स्टेशन पर आने वाले दैनिक यात्री 6 हजार है। आम यात्री 4 हजार है।
संवाददाता- रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में क्या है स्थिति
स्टेशन अधीक्षक- पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बहुत है, लेकिन एक्सप्रेस ट्रेनों में सोनीपत के 50 यात्री मुश्किल से यात्रा कर पाते हैं।
संवाददाता- सोनीपत रेलवे स्टेशन को आदर्श स्टेशन का दर्जा मिला है।
स्टेशन अधीक्षक- स्टेशन को आदर्श का दर्जा मिले एक वर्ष हो चुका है। अब उसको धरातल पर लाने के लिए करीब दो वर्ष लग सकते हैं। कंस्ट्रक्शन विभाग ने कागजी प्रक्रिया शुरू की हुई है।