धरने के दौरान उपस्थित गांव दीपालपुर के ग्रामीण
- फोटो : bureau
दीपालपुर गांव की गोचरान भूमि की नीलामी को रद्द कराने के लिए समाज कल्याण सेवा समिति के सदस्य पिछले तीन दिन से सत्याग्रह पर बैठे हैं। इस बीच वीरवार को सत्याग्रह पर पहुंचे आंतिल खाप के प्रतिनिधियों ने सत्याग्रहियों को समर्थन देने की बात कही।
सत्याग्रह पर मौजूद कुलदीप सिंह आंतिल ने बताया कि नगर निगम की ओर से गांव की गोचरान भूमि को कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है। इसकी नीलामी के लिए कई बार प्रयास किए जा चुके हैं। गांव की गोचरान भूमि को निगम औने-पौने दामों पर अपने चहेतों को देने की फिराक में हैं, लेकिन ग्रामीण इसको किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में ही समिति सदस्य पिछले तीन दिनों से सत्याग्रह पर बैठे हैं। इसके तीसरे दिन आंतिल खाप ने सत्याग्रह पर पहुंचकर अपना समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गांव को नियमों की अवहेलना करके नगर निगम में शामिल किया गया है। इधर, सत्याग्रह पर समर्थन देने के लिए आंतिल खाप के प्रधान हवा सिंह, राजेराम नंबरदार, अजीत सिंह, सूबे सिंह, रणधीर सिंह, जितेंद्र कुराड़, उमेद सिंह, रामपत, साहब सिंह, अजीत सिंह, धर्मसिंह, रामकुवार आदि लोग पहुंचे। इन्होंने 19 जून को दीपालपुर गांव में आंतिल खाप की पंचायत बुलाने का निर्णय लिया। वहीं, सत्याग्रहियों ने कहा कि यदि उनकी मांग को स्वीकार नहीं किया गया, तो ग्रामीण संत गोपालदास की अगुवाई में कड़ा कदम उठाने के लिए विवश होंगे। इस दौरान देवी सिंह, भलेराम, रामधन, हुकम सिंह, दयानंद, कुलदीप सिंह, जयभगवान, बेगराज, राजकंवार सहित अन्य भी मौजूद रहे।