खेवड़ा गांव में युवा पंचायत कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को रूबरू होते इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला।
- फोटो : bureau
युवा चौपाल कार्यक्रम के तहत गुरुवार को इनेलो नेता और हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला अचानक खेवड़ा पहुंचे और ग्रामीणों का दर्द जाना। उन्होंने कहा कि पार्टी तीन स्तर पर पब्लिक के बीच जाकर समस्याओं को लेकर आंकड़े एकत्रित कर रही है, ताकि भाजपा सरकार को हकीकत का आइना दिखाया जा सके।
सांसद दुष्यंत चौटाला ने झज्जर जिले से युवा चौपाल कार्यक्रम के तहत शुरुआत की थी। इसके तहत अब तक वे चार जिलों के 10 विधानसभा क्षेत्रों में घूम चुके हैं। दुष्यंत ने कहा कि इनेलो का यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। बल्कि वे हकीकत में आमजन की समस्याएं जानने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए तीन स्तर पर काम चल रहा है। विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला सद्भावना सम्मेलन कर रहे हैं। उनकी जिम्मेदारी युवा चौपाल की है। इसके तहत वे अब तक चार जिलों के 10 विधानसभा क्षेत्रों के गांव में जा चुके हैं।
एक जुलाई से विरोध पखवाड़ा
सांसद ने बताया कि इनेलो की युवा विंग एक जुलाई से विरोध पखवाड़ा शुरू कर रही है। इसके तहत 12 जुलाई तक हर जिला मुख्यालय पर इनेलो प्रदर्शन करेगी। इसमें मुख्य एजेंडा बेरोजगारी भत्ता तथा रोजगार की व्यवस्था होगा।
खेवड़ा गांव में पानी निकासी सबसे बड़ी समस्या
गांव पहुंचे दुष्यंत चौटाला के सामने ग्रामीणों ने जमकर भड़ास निकाली। इस दौरान उन लोगों ने कहा कि गांव में सबसे बड़ी समस्या पानी निकासी की है। निगम सही तरीके से अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है। इस अवसर पर उनके साथ जिलाध्यक्ष पद्म सिंह दहिया, अजीत आंतिल, जेपी रेवली, कुणाल गहलावत, रवींद्र सफियाबाद भी थे।