खानुपर कलां स्थित भक्त फूलसिंह महिला विवि में सांसद कोटे से एक बस मुहैया करवाई जाएगी, जिससे लड़कियों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह निर्देश सांसद रमेश कौशिक ने शुक्रवार को अधिकारियों को विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए दिए। वे शुक्रवार को डीआरडीए हॉल में जिलास्तरीय विजिलेंस एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक ले रहे थे।
सांसद कौशिक ने कहा कि पंचायत चुनाव व आरक्षण आंदोलन के चलते विकास कार्यों की गति धीमी हो गई थी जिसे अब तेज करना होगा। विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाए और देरी के लिए किसी भी बहाने को सहन नहीं किया जाएगा। सड़कों को लेकर उन्होंने सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की खराब सड़कों की सूची देने के लिए कहा ताकि उनकी समय से मरम्मत कराई जा सके।
बाईपास के निर्माण कार्य को जल्द करें पूरा
सोनीपत में बाईपास के निर्माण में दिन दिसंबर 2012 में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से शिलान्यास किया गया है। जीटी रोड स्थित कुराड़ गांव से गोहाना रोड को मिलाने वाले बाईपास के रुके कार्य को तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के जाम की पूरी समस्या इस बाईपास के शुरू होने के बाद ही खत्म हो सकते है। रेलवे लाइन के पास और बीच-बीच में बगैर किसी कारण के ही काम रूका हुआ है। इसलिए अधिकारी इस काम को जल्द से जल्द पूरा करें ताकि इसका लाभ शहर को मिल सके।
अधर में लटके आरओबी के निर्माण कार्यों को पूरा करें
दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर कांग्रेस कार्यकाल के दौरान रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज, पुरखास रोड ओवरब्रिज और बारौटा आरओबी के निर्माण कार्य शुरू हुए थे। जिनकी समीक्षा करते हुए सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि इस इन पुलों को लेकर पिछले कई सालों से काम लटका पड़ा है। इसकी वजह से ट्रैफिक को काफी परेशानी हो रही है। जल्द से जल्द इनका काम पूरा कर इन्हें यातायात के लिए खोला जाए। इस पर अधिकारियों ने बताया कि रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज को 31 अगस्त तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
दातौली में कई जगहों पर नहीं पाइप लाइन, हो रही पानी की समस्या
सांसद रमेश कौशिक ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत शामिल किए गए दातौली गांव की पेयजल समस्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां इस समस्या को जल्द से जल्द दूर किया जाए। गांव में कई जगहों पर पेयजल लाइन नहीं है। जिससे वहां के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी किश्तें जारी करें
सांसद ने कहा कि इंदिरा आवास योजना की जगह प्रधानमंत्री आवास योजना आरंभ की गई है। इस योजना में पहली किश्त के बाद दूसरी किश्त मिलने में देरी हो रही है, इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि एक वर्ष के अंदर सभी किश्तें जारी करें ताकि पात्र लोगों का मकान समय पर बन सके। उन्होंने कहा कि जिला में केन्द्र से संबंधित जितनी भी योजनाएं चल रही है उन सभी की हर माह प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाए। इसके साथ ही जरूरतमंदों तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंच रहा है या नहीं यह भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना बारे समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को इस योजना के तहत अधिक से अधिक काम दें ताकि लोगों को रोजगार मिले और अगले वित्त वर्ष में इस मद के लिए अधिक पैसा अलॉट करवाया जा सके।