स्कूल के गेट पर ताला लगाते अभिभावक।
- फोटो : bureau
छात्र-अभिभावक संघ के बैनर तले नियम 134-ए के तहत दाखिला नहीं देने वाले स्कूलों के खिलाफ अभिभावकों का हल्ला बोल अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को ब्राइट स्कॉलर सीनियर सेकेंडरी स्कूल फाजिलपुर में पहुंचकर दो घंटे तक गेट के बाहर धरना दिया। इस पर जमकर नारेबाजी की गई तथा स्कूल के गेट पर ताला भी लगा दिया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने जब जबरन ताला तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस और अभिभावकों के बीच झड़प भी हो गई। हालांकि जब पुलिस पीछे हटी तो अभिभावक भी शांत हो गए।
छात्र-अभिभावक संघ से जुड़े अभिभावक ब्राइट स्कॉलर स्कूल के बाहर पहुंचे। बताया गया कि स्कूल में नियम 134-ए के तहत बच्चों का दाखिला नहीं लिया जा रहा। इसके बाद अभिभावकों ने मौके पर पहुंच नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान स्कूल के मुख्य गेट पर अभिभावकों ने ताला लगा दिया। सूचना मिलने पर सेक्टर-3 चौकी प्रभारी रमेश चंद्र मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने स्कूल के गेट पर लगा ताला हथौड़े से तुड़वाने की कोशिश की तो अभिभावक में रोष फैल गया। अभिभावकों और पुलिस कर्मियों के बीच कहासुनी होते-होते झड़प तक बात पहुंच गई। इसी दौरान पुलिस पीछे हट गई तो अभिभावक भी शांत हो गए। इस दौरान विमल किशोर ने कहा कि जब स्कूल वाले हाईकोर्ट, सरकार, प्रशासन के आदेश नहीं मानते और तानाशाही दिखाते है तो फिर क्यो सारा प्रशासन स्कूलों की सुरक्षा में लगा है। क्यों बार-बार स्कूलों को समय दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तो अभिभावकों ने पिछले स्कूलों से स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट भी ले लिया है जिसके कारण काफी सारे बच्चे घर बैठे हैं। इस दौरान संघ के संयोजक विमल किशोर, अनिल, अर्चना अंजू, संतोष, सुषमा, नीरू, पूनम, मंजू, चंचल, सुनीता, पवन, सुमित, साहिल, राजेश, केशव, दिनेश, संजीव, योगेंद्र, जाहिद आदि मौजूद रहे।