मंगलवार को हरियाणा अभिभावक मंच के बैनर तले अभिभावकों ने 134-ए के तहत अपने बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। उपमंडल कार्यालय के बाहर चल रहे अपने धरने से प्रदर्शन शुरू करते हुए अभिभावक विधायक जयवीर सिंह के आवास पर पहुंचे और वहां प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलाने की मांग की। 2 मई को अभिभावक चंडीगढ़ में पहुंचकर अपनी मांग रखते हुए शिक्षा मंत्री के आवास का भी घेराव करेंगे।
इस मौके पर हरियाणा अभिभावक मंच के जिला सचिव राजीव वर्मा एडवोकेट ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए हैं कि प्रदेश सरकार निजी स्कूल संचालकों के साथ मिलीभगत करके साजिश रच रही है। सरकार नहीं चाहती कि गरीबों के बच्चों भी निजी स्कूलों में पढ़े। इसको किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभिभावकों द्वारा घेराव करने के दौरान विधायक जयवीर सिंह अपने निवास पर नहीं थे। जिस पर फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने मंच और अभिभावकों को आश्वासन दिया कि वह हर प्रकार से अभिभावकों के साथ हैं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लड़ी जा रही लड़ाई में वह पूरी तरह से उनका साथ देंगे और मामले को विधानसभा में भी उठाएंगे। इस मौके सुरेंद्र, सतीश, रामेश्वर, शिवराज, अशोक रिढ़ाऊ, मुकेश कंवाली, मंजू सिलाना, सतवीर, जगवंती खेड़ी दहिया, सोनू और मुकेश खेड़ी दहिया, बालमुकुंद हसनगढ़ और अन्य विभिन्न गांव से अभिभावकों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया।