मंगलवार शाम को दादर एक्सप्रेस से समालखा से झांसी जा रहे एक व्यक्ति से चाकू की नोंक पर चार अज्ञात लोगों ने 25 हजार रुपये छीन लिए। विरोध पर पीड़ित व्यक्ति के छोटे भाई को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। फिलहाल युवक दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोविंद निवासी टीकमगढ़, मध्यप्रदेश ने थाना जीआरपी को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम को वह पत्नी सरोज, छोटे भाई पुष्पेंद्र और साला पवन के साथ दादर एक्सप्रेस (11058) से समालखा, पानीपत से झांसी, मध्यप्रदेश की तरफ जा रहा था। जब गाड़ी सोनीपत स्टेशन पर पहुंची तो वहां गाड़ी के जनरल कोच में चार लोग चढ़ गए। जब गाड़ी सोनीपत से रवाना हुई तो उन्होंने उनको चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके पास मौजूद 25 हजार रुपये छीन लिए। जब उसके छोटे भाई पुष्पेंद्र ने इसका विरोध किया तो लुटेरों ने उसके भाई को चाकू मारकर घायल कर दिया। सूचना के बाद पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात चार के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
पुलिस ने पीड़ित गोविंद की शिकायत पर अज्ञात चार लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-महावीर सिंह, गन्नौर चौकी प्रभारी, जांच अधिकारी