तहसील कार्यालय में रोष व्यक्त करते हुए अभिभावक
- फोटो : bureau
सोनीपत रोड स्थित तहसील कार्यालय में मंगलवार को अपने बच्चों के प्रमाण-पत्र बनवाने आए अभिभावक भड़क उठे। आरोप है कि कार्यालय में कई घंटे से कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं है। जिसके चलते उन्हें परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।
अभिभावक कृष्ण वजीरपुरा, कमल, कर्मवीर, धर्मवीर, मुकेश, सागर, संतोष, सुनील और सुदेश आदि ने बताया कि सरकार ने स्कूलों में बच्चों के लिए स्थानीय और जाति प्रमाणपत्र लागू कर दिया है। इसे स्कूल में देना आवश्यक है। मंगलवार सुबह वह इन प्रमाणपत्रों पर नायाब तहसीलदार या तहसीलदार के हस्ताक्षर कराने आए थे, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी कार्यालय में कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। अभिभावकों का कहना है कि प्रमाणपत्रों के नहीं बनने से बच्चों को पढ़ाई में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगर बच्चों के प्रमाणपत्र नहीं बने तो बच्चों को स्कूल से निकाल दिया जाएगा। उनकी मांग है कि अधिकारी कार्यालय में समय पर बैठे। जिससे बच्चों के प्रमाण-पत्र बन सकें।
क्या बोले एसडीएम
एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि गोहाना में तहसीलदार हरिओम विश्नोई का तबादला होने के बाद पर रिक्त है। नायब तहसीलदार सुबह अपना काम करनेे आए थे। 11 बजे तक उन्होंने कार्यालय में बैठकर काम किया और उसके बाद वह दो घंटे के लिए किसी काम बाहर गए थे। आने के बाद उन्होंने फिर से सभी काम समाप्त किए।