हरियाणा के सोनीपत शहर में निकाली जा रही भव्य श्रीराम शौर्य एवं उत्सव यात्रा को लेकर पूरा शहर राममय हो चुका है। यात्रा जहां से भी गुजर रही है, वहीं भगवान श्रीराम के जयकारों से आसमान गूंज रहा है। यात्रा मार्ग को भव्य तरीके से सजाया गया है। पूरा शहर भगवा रंग में रंगा हुआ है। चौक-चौराहों पर झंडे लगाए गए हैं। वहीं यात्रा के स्वागत के लिए 125 स्थानों पर गेट लगाए जा रहे हैं। रास्ते में जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है।
अयोध्या में श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर में निकाली गई श्रीराम शौर्य एवं उत्सव यात्रा का रविवार सुबह गोहाना रोड स्थित हनुमान मंदिर से शुभारंभ किया गया। जहां घोड़े पर सवार होकर लव-कुश ने भगवान श्रीराम-लक्ष्मण व सीता मैया की अगुवाई की। यात्रा में 11 झांकियां शामिल की गई हैं।
सबसे आगे भगवान श्रीराम परिवार की झांकी रही, उसके पीछे रामभक्त सबरी की झांकी, फिर महर्षि वाल्मीकि की झांकी चल रही है। चार झांकियाें के पीछे बैंड-बाजे की टोली चल रही है। उनके पीछे राम मंदिर के स्वरूप की झांकी रही। जिस पर भाजपा नेता राजीव जैन जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे।
उनके पीछे झांकी पर महिला मंडली भगवान राम के भजनों पर झूमते हुए भक्ति का संदेश दे रही हैं। बड़ी संख्या में शामिल राम भक्त हाथों में झंडे लेकर चल रहे हैं। पूरा शहर राममय हो चुका है। सुंदर झांकियां जहां से भी गुजर रही हैं, लोग देखने के लिए उमड़ रहे हैं और भगवान राम का आशीर्वाद ले रहे हैं। भव्य शोभायात्रा को लेकर भक्तों में उल्लास बना हुआ है।
इन मार्गों से होकर गुजरी शोभा यात्रा
श्रीराम शौर्य एवं उत्सव यात्रा से पूर्व प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद यात्रा का आरंभ किया गया। यह यात्रा छोटू राम चौक, तिरंगा चौक, ककरोई रोड, सेक्टर 23 मोड़, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली, रोहतक रोड, कालूपुर मोड़, विश्वकर्मा चौक, खाटूश्याम मंदिर, रेलवे फ्लाई ओवर, विश्वकर्मा चौक, ओल्ड डीसी रोड, मामा भांजा चौक, विवेकानंद चौक से होते हुए सेक्टर-14 मार्केट, मुरथल रोड, श्रीराम चौक, बस अड्डा, गीता भवन, मिशन चौक, लाला लाजपत राय गुड़ मंडी होते हुए पुरानी अनाज मंडी अग्रवाल धर्मशाला स्थित श्रीराम मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी।
पुष्प वर्षा से किया जाएगा भव्य स्वागत
श्रीराम शौर्य एवं उत्सव यात्रा के भव्य स्वागत के लिए मुरथल अड्डा स्थित लाला मौजीराम धर्मशाला के सामने विशेष तैयारी की गई है। यहां पांच धार्मिक संस्थाएं श्री ठाकुरद्वारा मंदिर सेवा समिति, श्री चंडी मां महाकाली प्राचीन मंदिर सिद्धपीठ समिति, श्री देवी चिटाने वाली माता मंदिर सिद्धपीठ समिति, श्री रामलीला सभा व मंदिर श्री देवी ली त्रिलोकपुर वाली मां बाला सुंदरी मिलकर यात्रा का पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत करेंगी। इस दौरान भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।