ग्रामीण एरिया के बैंक में रखी नकदी चोरों के निशान पर है। खरखौदा के सैदपुर व मंडौरा में हुई बैंक की चोरी की वारदातों के बाद हरकत में आई पुलिस ने मंडौरा के इलाहबाद बैंक मैनेजर प्रह्लाद सिंह को नोटिस देकर पूछा है कि आखिर बैंक की सुरक्षा में लापरवाही क्यों बरती गई। इसका लिखित में जवाब दिया जाए। इतना ही नहीं, पुलिस ने चोरी हुए 81 हजार रुपये के बारे में भी पूछा है कि ये नकदी बैंक में कहां से आई।
डीएसपी राहुल देव ने बताया कि बैंकों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए सभी थाना प्रभारियों से मंगलवार को लिखित में रिपोर्ट मांगी है कि उनके एरिया के बैंकों की सुरक्षा की क्या स्थिति है?
बैंक अधिकारियों से बातचीत तैयार करें रिपोर्ट
केंद्र सरकार ने 8 नवंबर की रात 12 बजे से 1000 व 500 को चलन से बंद कर दिया था। लोगों को अपने पुराने नोट 30 दिसंबर तक बैंकों में जमा करवाने हैं। इसके चलते लोग भारी मात्रा में नकदी बैंकों में जमा करवा रहे हैं। इसके बावजूद बैंकों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
23 नवंबर की रात को चोर सैदपुर स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में सेंध लगाकर 1 करोड़ 22 लाख 97 हजार रुपये निकाल कर ले गए थे। तीन दिन बाद 26 नवंबर की रात को चोर मंडौरा के इलाहाबाद बैंक की खिड़की तोड़कर 81 हजार रुपए ले गए थे।
दोनों वारदातों का अभी तक कोई सुराग नहीं है। इसी मामले में पुलिस ने पुलिस ने मंडौरा के इलाहबाद बैंक मैनेजर प्रह्लाद सिंह को नोटिस देकर पूछा है कि आखिर बैंक की सुरक्षा में लापरवाही क्यों बरती गई।