लघु सचिवालय परिसर में स्थित ई दिशा केंद्र में वीरवार को दिनभर इंटरनेट सेवाएं ठप रहीं। इससे लाइसेंस बनाने व वाहनों के रजिस्ट्रेशन कराने का काम लटक गया। काम छोड़कर यहां आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंटरनेट सेवाओं के बंद रहने के कारण ई-दिशा केंद्र में लोग दिनभर भटकते रहे। आखिर में लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से रोडवेज विभाग में कंडक्टर के पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस कारण ही रोजाना ई दिशा केंद्र में कंडक्टर के लाइसेंस बनाने व रिन्यू करवाने के लिए युवाओं की भीड़ रहती है। इसके अलावा यहां पर वाहनों के पंजीकरण कराने के लिए लोग आते हैं। ई-दिशा केंद्र में वीरवार को इंटरनेट बंद होने से सभी सेवाएं ठप रहीं, जिससे केंद्र में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंटरनेट चालू होने के इंतजार में एसडीएम कार्यालय परिसर में लोग भटकते रहे।
एसडीएम से न मिल सके, न फोन उठाया
ई दिशा केंद्र में आए लोगों ने अपनी समस्या का समाधान करने के लिए एसडीएम से मिलने का प्रयास किया, लेकिन वे एसडीएम से नहीं मिल सके। इसके बाद लोगों ने एसडीएम को फोन करके समस्या से अवगत कराना चाहा, लेकिन एसडीएम ने किसी का फोन भी नहीं उठाया। इससे लोगों की मायूसी ज्यादा बढ़ गई।
लाइसेंस करवाना था रिन्यू
एचएसएससी की ओर से कंडक्टर के पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे हुए हैं। यहां पर फाइल तैयार कर कंडक्टर के लाइसेंस को रिन्यू करवाने के लिए आया था, लेकिन ई दिशा केंद्र में इंटरनेट बंद होने से रिन्यू कराने के लिए न तो फीस जमा हो सकी और न ही फाइल जमा हो सकी।
-हरीश, कुंडल
लाइसेंस गुम होने पर बनवाना था दूसरा
करीब छह माह पहले ड्राइविंग लाइसेंस गुम हो गया था। ई दिशा केंद्र में दूसरा लाइसेंस बनवाने के लिए आया था। आज यहां इंटरनेट बंद होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर कोई काम तक नहीं हो रहा है। केंद्र में सभी खिड़कियां खाली पड़ी हैं। कोई सुनने वाला नहीं है।
-मुकेश, जटवाड़ा
डुप्लीकेट आरसी बनवाने के लिए आया
बाइक की आरसी गुम हो गई है। वीरवार को ई-दिशा केंद्र में आरसी बनवाने के लिए आया था। यहां इंटरनेट न चलने से कोई काम नहीं हुआ, जिससे परेशानी हो रही है। इंटरनेट क्यों नहीं चल रहा, कब चलेगा इसके बारे में भी बताने वाला कोई नहीं है। मजबूरी में लौटना पड़ रहा है।
हरिचंद, कबीरपुर