मेले में 170 से अधिक स्टाल तैयार किए गए हैं
- फोटो : sonipat
हिंदू स्कूल कोर्ट रोड और सुभाष स्टेडियम में मंगलवार को डिजिधन मेला लगाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। मेले में 170 से अधिक स्टाल तैयार किए गए हैं। मेले में सीएम मनोहर लाल शिरकत नहीं करेंगे, लेकिन केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और कृष्णपाल गुर्जर आएंगे। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यातिथि 200 ई-रिक्शा को भी यहां से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उपायुक्त केएम पांडुरंग ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूर हो चुकी हैं। मेले में सभी प्रकार के भुगतान कैशलेस सिस्टम से करेंगे। इनके पास कार्ड, ई-वॉलेट उपलब्ध नहीं है, उन्हें मौके पर ही कार्ड दिया जाएगा। मेले के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, तहसील व अन्य स्थानों पर बनने वाले प्रमाण पत्रों को बनाया जाएगा तो बिजली निगम के बिल, नगर निगम के टैक्स सहित अन्य बिलों का भुगतान किया जा सकता है। मेले को वाईफाई कर दिया गया है और लोगों को डिस्पले पर पासवर्ड दिखाई देगा। मेले में हरियाणा के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा सभी प्राइवेट-सरकारी 32 बैंक अपने-अपने स्टाल लगाएंगे। इन पर उपभोक्ता अपना खाता खुलवा सकते हैं। वहीं डेबिट व क्रेडिट कार्ड ले सकते हैं और दुकानदार पीओएस मशीनें भी यहां ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले जो लोग कैशलेस या डिजिटल खरीदारी करेंगे उनके लिए इनाम भी रखे गए हैं। मेले में सुरक्षा के नजरिए से अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।