सब्जियों और फसलों पर मंडराया खतरा
कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा के अनुसार यह मौसम फसलों के लिए मिला-जुला असर लेकर आया है। जहां गेहूं की फसल के लिए यह ठंड अनुकूल मानी जा रही है। वहीं, सब्जियों की फसलों पर पाला पड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसानों को फसलों में हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है ताकि पाले के प्रभाव को कम किया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों के लिए भी इस गलन भरी ठंड में पशुओं की देखभाल चुनौती बन गई है।
हृदय व सांस रोगियों को बरतनी चाहिए विशेष सावधानी
डॉ. जेएस पूनिया के अनुसार अचानक तापमान में गिरावट से हृदय और सांस के रोगियों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों को सुबह-शाम की सैर से बचने, बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। अस्पतालों में ठंड से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में भी इजाफा देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार दो से तीन दिन तक जिले में घना कोहरा और शीतलहर का प्रकोप जारी रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। - डॉ. प्रेमदीप, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, जगदीशपुर