उद्योग के क्षेत्र में सोनीपत के नाम एक ओर बड़ी उपलब्धि जल्द ही जुड़ने वाली है, क्योंकि यहां के बडी औद्योगिक क्षेत्र में 27 करोड़ की लागत से मेगा फूड पार्क व कोर प्रोसेसिंग सेंटर बनने वाला है। इनको छह महीने में बनवाने की योजना बनाई गई है, जिससे जल्द से जल्द 12 स्टैंडर्ड डिजाइन फैक्ट्री बनाकर फूड इंडस्ट्री को बढ़ावा दिया जा सके। एचएसआईआईडीसी ने इस पर काम शुरू कर दिया है और इसके लिए ऑनलाइन टेंडर भी मंगवा लिए गए हैं। इनको जल्द ही खोलकर काम शुरू करा दिया जाएगा। इससे यहां से खाद्य पदार्थ निर्यात करने में काफी फायदा मिलेगा तो यहां की फूड इंडस्ट्री देश व विदेश में जगह बना सकती है।
विदेश तक मिलेगी फूड इंडस्ट्री को पहचान
केंद्र सरकार ने दिल्ली के काफी नजदीक एनएच एक पर होने के कारण सोनीपत के बडी औद्योगिक क्षेत्र को मेगा फूड पार्क व कोर प्रोसेसिंग सेंटर बनाने के लिए चुना। इस पर एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों ने काम करना शुरू कर दिया है, जिससे सोनीपत को फूड इंडस्ट्री के क्षेत्र में देश के साथ ही विदेशों तक नई पहचान मिल सके। यहां 17 करोड़ रुपये से मेगा फूड पार्क बनाया जाएगा तो 10 करोड़ की लागत से कोर प्रोसेसिंग सेंटर बनाया जाएगा। मेगा फूड पार्क के लिए 75 एकड़ जमीन को चिह्नित करके उसका डिजाइन भी तैयार कर लिया गया है और उसको अंतिम रूप देकर बनाने के लिए टेंडर मांगे गए हैं। एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों की मानें तो उनकी ओर से इस मेगा फूड पार्क में 12 स्टैंडर्ड डिजाइन की फैक्ट्री बनाई जाएगी। यह फैक्ट्री एचएसआईआईडीसी की ओर से बनाई जाएगी और उसके बाद खाद्य उद्यमियों को दी जाएगी। इसमें खाली प्लाट भी बनाए जाएंगे, जिनको उद्यमी ले सकते हैं। इसके अलावा एचएसआईआईडीसी की ओर से इसमें फ्रीजिंग यूनिट लगाई जाएगी, जिससे खाद्य पदार्थों को जमा करने में कोई परेशानी नहीं हो सके। इनके अलावा भी काफी कुछ अधिकारियों ने प्लान किया है, जिससे यहां से खाद्य पदार्थों का देश की सभी जगहों व विदेशों में निर्यात किया जा सके।
प्रदेश में आएंगे बाहरी उद्यमी, रोजगार भी बढ़ेगा
इस मेगा फूड पार्क के बनाने से प्रदेश के लिए बड़ा फायदा होने वाला है, क्योंकि यहां बाहरी उद्यमी निवेश करेंगे, जिनको एचएसआईआईडीसी की ओर से काफी सुविधाएं मिलेंगी। यहां उद्यमियों के निवेश करने से युवाओं के लिए रोजगार बढ़ जाएगा। इससे आसपास के युवाओं को नौकरी का मौका मिलने की उम्मीद भी रहेगी।
राई में पहले बना था फूड पार्क
सरकार की ओर से फूड इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए इससे पहले राई में फूड पार्क बनाया गया था, लेकिन बडी का मेगा फूड पार्क पूरी तरह से हाईटेक होगा और वहां आधुनिक मशीनों के साथ ज्यादा बेहतर सिस्टम डेवलप किया जाएगा। यह केवल उद्यमियों को हरियाणा की ओर आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है, जिससे यहां उद्योगों को बढ़ावा दिया जा सके।
बडी में मेगा फूड पार्क बनाना केंद्र सरकार का प्रोजेक्ट है, जिस पर काम शुरू कर दिया गया है। इसमें स्टैंडर्ड डिजाइन फैक्ट्री के साथ ही फ्रीजिंग यूनिट व अन्य काफी कुछ बनाया जाएगा। इससे उद्यमियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो सके।
-आलोक सिंह, मैनेजर एचएसआईआईडीसी बड़ी सोनीपत