सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 16 से 31 जुलाई तक 250 रुपये लेट फीस के साथ आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने एक छह सप्ताह का लाइफगार्ड प्रमाणपत्र कोर्स भी जोड़ा है जो स्विमिंग क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। विश्वविद्यालय की ओर से पेश किए जा रहे खेल आधारित पाठ्यक्रमों में युवाओं की रुचि लगातार बढ़ रही है। अब तक 500 सीट के लिए 709 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
जल्द ही प्रवेश की प्रक्रिया जिसमें फिजिकल टेस्ट और अन्य चरण शामिल हैं आरंभ की जाएगी। संबंधित जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी।
कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.suoh.ac.in पर जाकर एडमिशन टैब के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन प्रतियां, पासपोर्ट आकार का फोटो व हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है।
इन पाठ्यक्रमों में ले दाखिला
शैक्षिक सत्र में प्रमुख पाठ्यक्रमों में चार वर्षीय बीएससी (खेल विज्ञान), चार वर्षीय बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस), दो वर्षीय शारीरिक शिक्षा एवं खेल (एमपीईएस), एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग (एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, क्रिकेट, फुटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, टेनिस, वॉलीबॉल, कुश्ती, योग, जूडो, तैराकी, हॉकी, शूटिंग, एवं तलवारबाजी जैसे खेल) शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने खेल क्षेत्र से जुड़े विशेषीकृत एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है। इनमें खेल मनोविज्ञान, खेल पोषण, खेल प्रबंधन, स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन शामिल हैं।