संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (जीपी) की छह मेधावी छात्राओं का शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की ओर से संचालित प्रगति छात्रवृत्ति योजना के तहत चयन हुआ है। पहले वर्ष की चयनित छात्राओं में प्रतीक्षा, पायल सैनी, आसमा, वर्षा, उन्नति एवं यक्षी शामिल हैं।
प्रगति छात्रवृत्ति योजना विशेष रूप से तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जाती है। इस योजना के तहत चयन दसवीं कक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाता है।
योजना का लाभ उन पात्र छात्राओं को दिया जाता है जिनके अभिभावकों की वार्षिक पारिवारिक आय 8 लाख रुपये तक है ओर जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं।
इस योजना के तहत चयनित प्रत्येक छात्रा को डिप्लोमा पाठ्यक्रम की अवधि (तीन वर्ष) तक 50 हजार रुपये प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस प्रकार प्रत्येक छात्रा को पाठ्यक्रम पूर्ण होने तक 1,50 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्राप्त होगी, बशर्ते वह योजना के सभी नियमों एवं शैक्षणिक मानकों का निरंतर पालन करती रहे।
प्राचार्य प्रवेश सांगवान ने चयनित छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और संस्थान में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा का उत्कृष्ट परिणाम है। यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।